गुरुग्राम में कार की टक्कर से पलटा ऑटो, 10-12 महिलाएं और चालक घायल

HIGHLIGHTS
- ऑटो में सवार महिलाएं ऊंचा माजरा स्थित टीवीएस वेयरहाउस में काम करती थीं।
- ड्यूटी खत्म होने के बाद सभी महिलाएं अपने गांव नानू कला लौट रही थीं।
- दुर्घटना के बाद कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
गुरुग्राम। बिलासपुर-पटौदी रोड पर शनिवार रात एक कार ने सवारी ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार 10-12 महिलाएं और चालक घायल हो गए। सभी महिलाएं ऊंचा माजरा स्थित टीवीएस वेयरहाउस में काम करती थीं और ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने गांव नानू कला लौट रही थीं।
हादसा शनिवार रात करीब पौने आठ बजे पटौदी बाईपास के पास हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, कार ने सवारी ऑटो को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार महिलाओं के साथ चालक को भी चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बाईपास से गुजर रहे वाहनों में सवार लोग रुक गए और घायलों की मदद में जुट गए। इसके बाद घायलों को अलग-अलग गाड़ियों से आसपास के निजी और सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक युवक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायलों में रेनू (42), संगीता (30) और रामरति (39) शामिल हैं। तीनों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सामान्य चोटें आई हैं।
अन्य घायलों में राधा (36), सरिता (35), ज्योति (35), सुरेश देवी (50) और दूरबीन शामिल हैं। राधा गोरियावास की रहने वाली हैं, जबकि सरिता और ज्योति नानू कला तथा सुरेश देवी और दूरबीन खानपुर की निवासी हैं। इन सभी को पटौदी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका उपचार चल रहा है और सभी को सामान्य चोटें आई हैं।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पटौदी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर मामले में कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.