गुरुग्राम। मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने के मामले में 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इनमें सिविल लाइंस थाने में तैनात नौ पुलिसकर्मी और एसआईएस ब्रांच के एएसआई अमित कुमार शामिल हैं। सिविल लाइंस थाने के एसएचओ विजेंद्र कुमार, दो एएसआई के साथ कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल को भी निलंबित किया गया है।
मुख्यमंत्री के शुक्रवार सुबह गुरुग्राम पहुंचने के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर और वर्धन यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता अचानक सड़क पर पहुंच गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के काफिले के सामने काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए।
8 कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार रात गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात आठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। दर्ज एफआईआर में पंकज डावर और वर्धन यादव के नाम भी शामिल हैं, लेकिन फिलहाल दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
दोनों नेताओं के फोन भी स्विच ऑफ बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है, हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद शनिवार दोपहर कई कांग्रेसी सिविल लाइंस थाने के बाहर पहुंच गए। वे मामले में जानकारी लेने के लिए थाने के बाहर मौजूद रहे। सिविल लाइंस थाना पुलिस गिरफ्तार किए गए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डीसीपी वेस्ट के सामने पेश करने के लिए लेकर गई है।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.