यूपी में कोहरे से सड़क हादसे रोकने की तैयारी तेज, हाईवे पर तैनात होंगे पेट्रोलिंग वाहन और एंबुलेंस

HIGHLIGHTS
- सड़क पर लगे कैट्स आई, परावर्तक संकेतकों और दिशासूचक बोर्डों की नियमित जांच होगी।
- मिट चुकी या धूल से ढकी सफेद पट्टियों को तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।
- प्रमुख चौराहों, मोड़ों और पैदल पारपथों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर की जाएगी।
लखनऊ। शीतलहर और घने कोहरे के दौरान होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना संभावित स्थानों के आसपास पेट्रोलिंग वाहन, एंबुलेंस और बचाव वाहन तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम समय पर पूरा करने को कहा है।
राहत आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि कोहरे के कारण कम दृश्यता में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर लगे परावर्तक संकेतकों, दिशासूचक बोर्ड और कैट्स आई की नियमित जांच की जाए। सड़क के किनारों और बीच में बनी सफेद पट्टियां यदि मिट गई हैं, उखड़ गई हैं या धूल से ढक गई हैं, तो उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए। इससे वाहन चालकों को सड़क की दिशा और सीमाएं स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकेंगी।
प्रमुख चौराहों, तिराहों, मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात संकेतकों, ठहराव रेखाओं और पैदल पारपथ की स्थिति भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार चेतावनी संकेतक और गति सीमा से संबंधित बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
अनफिट और असुरक्षित वाहनों पर होगी कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले अनफिट वाहनों और जुगाड़ से बनाए गए असुरक्षित वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस आपसी समन्वय से जांच और कार्रवाई करेंगे।
इसके अलावा वाहन चालकों को फॉग लाइट और परावर्तक टेप का इस्तेमाल करने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
राहत आयुक्त ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वाहन चालकों से भी अपील की है कि घने कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतें, दृश्यता के अनुसार वाहन की गति रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.