हमीरपुर: विधायक आशीष शर्मा के क्रशर पर अवैध खनन और रॉयल्टी चोरी का मामला दर्ज

हमीरपुर पुलिस ने महादेवी स्टोन क्रशर में अवैध खनन और रॉयल्टी चोरी के आरोप में भाजपा विधायक आशीष शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को गोपनीय सूचना के आधार पर क्रशर की जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं और रॉयल्टी चोरी के मामले सामने आए।
एफआईआर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है। जांच में यह पाया गया कि क्रशर संचालन के दौरान लीज डीड, रॉयल्टी रसीदें, बिजली खपत रिकॉर्ड और डब्ल्यू एवं एक्स फॉर्म रजिस्टर में गंभीर अनियमितताएं रही। डब्ल्यू फॉर्म का दुरुपयोग कर 28,180 मीट्रिक टन खनिज की अवैध बिक्री और परिवहन किया गया, जबकि अगस्त से दिसंबर 2022 के बीच 17,572 मीट्रिक टन खनिज बिना रॉयल्टी के उत्पादित किया गया। कुल 45,752 मीट्रिक टन अवैध खनन से सरकार को लगभग 36.60 लाख रुपये का राजस्व नुकसान हुआ।
पुलिस अधीक्षक बलवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस थाना सुजानपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।
वहीं विधायक आशीष शर्मा ने इस मामले को राजनीतिक दबाव करार देते हुए कहा, "पुलिस रक्षक नहीं, बल्कि भक्षक की भूमिका में है। खनन विभाग ने रॉयल्टी समेत किसी भी मसले पर कोई नोटिस नहीं भेजा। यह केवल राजनीतिक आरोप हैं। हमारा क्रशर मार्च 2024 से बंद है और हमीरपुर की जनता सच्चाई को भलीभांति जानती है।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.