कानपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में तीन युवकों की मौत

कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। उत्तरीपुरा इलाके में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे एक सफेद अपाचे बाइक और एक हीरो मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान रघुवर (21) पुत्र महेश निवासी खजुरिया नेवादा, जतिन उर्फ बिहारी (20) पुत्र सुनील राठौर निवासी ग्राम पूरा और ओम (23) पुत्र टिंकू निवासी ग्राम पूरा, बिल्हौर के रूप में हुई है। वहीं राहुल (20) पुत्र नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा कविता (22) पुत्री नरेश को हल्की चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सड़क के मोड़ पर तेज रफ्तार और बाइक पर नियंत्रण न रह पाने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया है। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.