‘हथेली गरम तो पुलिस नरम’, अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में अपनी पार्टी की आगामी योजनाओं का खुलासा किया और योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार की खबरों पर भी तंज कसा।
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनी, तो समाजवादी पेंशन योजना को पुनः लागू किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए नई योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत उन्हें सालाना 40 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर सपा अध्यक्ष का हमला
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब ‘हथेली गरम तो पुलिस नरम’ जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस से राजनीतिक काम कराए जा रहे हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जैसा कि एनसीआरबी के आंकड़े दिखाते हैं।
अखिलेश ने वाराणसी में डिग्री कालेज में हत्या और मथुरा में साधु की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि आम जनता सुरक्षित नहीं है। गोरखपुर की हालिया घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वहां तो लॉ एंड ऑर्डर ही खत्म हो गया है।
गैस सिलेंडर की किल्लत और ट्रक गायब होने का आरोप
सपा अध्यक्ष ने गैस सिलेंडर की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने झांसी में गायब हुए सिलेंडरों से भरे ट्रक का मामला सामने रखते हुए बीजेपी नेताओं की भूमिका पर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि जब ट्रक वापस आया, तो आधे से अधिक सिलेंडर गायब थे।
उन्होंने यह भी बताया कि सपा सरकार में शुरू किए गए सम्मान कार्यक्रम जैसे रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड और यश भारती अब बंद कर दिए गए हैं, जबकि ये प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम थे।
मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अखिलेश यादव ने कहा, “बजट खत्म हो चुका है, इसलिए विस्तार किया जा रहा है। असली विस्तार 2027 में होगा। यह केवल रूठे हुए को मनाने वाला विस्तार है।” उन्होंने यह भी कहा कि कई विभागों का बजट जल्द स्वीकृत कर देना सरकार की योजना का हिस्सा है।
ग्रीन कॉरिडोर और यातायात पर आपत्ति
अखिलेश यादव ने लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर परियोजना की डिजाइनिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह मानकों के खिलाफ बनाई गई है। पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, जिससे हर चौराहे पर पुलिस तैनात करनी पड़ेगी और यातायात और जटिल होगा।
बंगाल चुनाव और यूपी की तैयारी
बंगाल विधानसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी अकेले चुनाव जीत रही हैं। वहीं, यूपी में भाजपा चुनावी लाभ के लिए अधिकारियों में बदलाव करने जा रही है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि पीडीए की एकजुटता से सरकार की नींद उड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि सपा सत्ता में आने पर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.