न्यूजीलैंड सीरीज में भारत का जलवा, सूर्यकुमार यादव टी20 रैंकिंग में टॉप-10 में

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की घरेलू टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए आईसीसी पुरुष टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांच पायदान की उछाल लगाई और सातवें स्थान पर पहुंच गए। भारत ने अब तक इस श्रृंखला के तीन मैचों में जीत दर्ज की है। सूर्यकुमार ने इन मुकाबलों में 32, नाबाद 82 और नाबाद 57 रन बनाए, जिससे उनकी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर अभी भी भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं, जबकि तिलक वर्मा तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। हालांकि, चोट के कारण वर्मा इस श्रृंखला में नहीं खेल पा रहे हैं। रायपुर में खेले गए दूसरे मैच में 32 गेंदों में 76 रन बनाने वाले ईशान किशन ने रैंकिंग में वापसी करते हुए 64वें स्थान पर जगह बनाई। वहीं, शिवम दुबे नौ पायदान ऊपर 58वें और रिंकू सिंह 13 पायदान ऊपर 68वें स्थान पर पहुंच गए।
दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीतने वाले अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान दो पायदान ऊपर 13वें और रहमानुल्लाह गुरबाज तीन पायदान ऊपर 15वें स्थान पर आए। ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहे दरवेश रसूली ने 29 पायदान की बड़ी छलांग लगाकर 87वें स्थान पर कब्जा किया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्क्रम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में नाबाद 86 रन की पारी खेलकर शीर्ष 20 में प्रवेश किया। वहीं, वेस्टइंडीज के ब्रैंडन किंग 35वें और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स 44वें स्थान पर पहुंचे।
गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने मजबूती दिखाई। अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान पांच पायदान ऊपर नौवें स्थान पर पहुंचे। भारत के जसप्रीत बुमराह चार पायदान ऊपर 13वें और रवि बिश्नोई 13 पायदान ऊपर 19वें स्थान पर आए। दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश आठ पायदान ऊपर अपनी करियर की सर्वश्रेष्ठ 32वीं रैंकिंग पर पहुंचे।
ऑलराउंडरों की रैंकिंग में हार्दिक पांड्या एक पायदान ऊपर तीसरे स्थान पर आ गए। गेंदबाजी रैंकिंग में उन्होंने तीन मैचों में चार विकेट लेकर 18 पायदान की छलांग लगाई और 59वें स्थान पर पहुंचे। बल्लेबाजी रैंकिंग में भी पांड्या दो स्थान ऊपर 53वें स्थान पर काबिज हैं।
वनडे रैंकिंग की बात करें तो इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक 17 पायदान ऊपर 11वें और जो रूट 23वें से 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.