इंदौर: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी, 3-4 स्कूलों को मिले ई-मेल

HIGHLIGHTS
- 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित है दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट।
- शहर के तीन से चार स्कूलों के प्रबंधन को मिले धमकी भरे ई-मेल।
- कॉन्सर्ट में पहुंचने वाले लोगों को निशाना बनाने की दी गई चेतावनी।
इंदौर। मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित लाइव कॉन्सर्ट से पहले इंदौर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। 15 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम से पहले शहर के तीन से चार स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इन ई-मेल में चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी व्यक्ति दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शामिल होने पहुंचा तो उस स्थान को बम से उड़ा दिया जाएगा। धमकी भरे संदेश मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
तीन से चार स्कूलों को मिले धमकी भरे ई-मेल
जानकारी के अनुसार, इंदौर के तीन से चार स्कूलों के प्रबंधन को ई-मेल के जरिए धमकी दी गई है। इन संदेशों में दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी। मामले की सूचना बम स्क्वॉड और क्राइम ब्रांच की टीम को भी दी गई।
बम स्क्वॉड ने स्कूलों में शुरू की जांच
सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड की टीम पुलिस अधिकारियों के साथ धमकी मिलने वाले स्कूलों में पहुंची। इसके बाद स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। टीम स्कूलों की कक्षाओं, परिसर और आसपास के संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री का पता लगाया जा सके।
क्राइम ब्रांच ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी
दूसरी ओर, क्राइम ब्रांच ने भी धमकी भरे ई-मेल की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के साथ उसके स्रोत और तकनीकी जानकारियां जुटा रही है। फिलहाल जांच की जा रही है कि ये धमकी किसने और किस मकसद से भेजी है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से ठीक पहले मिली इस धमकी के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे शामिल व्यक्ति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.