दिल्ली विधानसभा में पेश हुए केजरीवाल, भाजपा पर राजनीति कर ध्यान भटकाने का आरोप

दिल्ली। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल आज दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए और भाजपा पर दिल्ली की असली समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान कर रही है।
केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली विधानसभा का परिसर ऐतिहासिक महत्व का है। उन्होंने कहा, “अंग्रेजों के समय 1912 में यह इमारत बनाई गई थी। 2022 में तत्कालीन स्पीकर राम निवास गोयल ने मुझे बताया कि इस इमारत के एक कोने में स्वतंत्रता सेनानियों के फांसी देने का घर था। उन्होंने इसे पर्यटकों के लिए खोलने की सलाह दी। हमने इसका उद्घाटन किया, लेकिन भाजपा सरकार अब इसे ‘टिफिन रूम’ साबित करने की कोशिश कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “स्वतंत्रता सेनानियों का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। मुझे समिति ने इस बात को साबित करने के लिए बुलाया, लेकिन भाजपा के पास कोई ठोस सबूत नहीं है। इसका मतलब यह है कि जानबूझकर स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया जा रहा है। जब से भाजपा दिल्ली में आई है, उनका फोकस सिर्फ राजनीति पर है, जनता की समस्याओं पर नहीं।”
केजरीवाल ने दिल्ली में सड़कें, प्रदूषण, कचरा, बिजली कटौती, पानी की समस्या और अस्पतालों में दवाइयों की कमी जैसे गंभीर मुद्दों का जिक्र किया और कहा कि भाजपा इन पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक विवाद खड़ा कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समिति ने प्रशासनिक सुधार पर सुझाव मांगे होते, तो वह अपने 10 वर्षों के अनुभव साझा करने के लिए तैयार थे।
लाइव स्ट्रीमिंग पर अस्वीकृति
दिल्ली विधानसभा ने विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही को लाइव स्ट्रीमिंग करने की मांग को खारिज कर दिया। विधानसभा ने पत्र भेजकर बताया कि समिति की कार्यवाही गोपनीय होती है और नियम लाइव स्ट्रीमिंग की अनुमति नहीं देते।
भाजपा पर आतिशी का आरोप
विपक्ष की नेता और आप विधायक आतिशी ने कहा, “अरविंद केजरीवाल को ‘फांसी घर’ के मुद्दे पर बुलाया गया। भाजपा न तो वायु प्रदूषण, न सड़कों के मामले पर चर्चा कर रही है। न विधायक और न मीडिया को विधानसभा में जाने दिया जा रहा है। यह उनके डर को दर्शाता है।”
पिछले साल आम आदमी पार्टी ने विधानसभा के एक कमरे को फांसी घर बताकर संरक्षित किया था। इसका उद्घाटन तत्कालीन अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने 9 अगस्त 2022 को किया। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार ने इसे खारिज कर दिया और इसे ‘टिफिन रूम’ करार दिया। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप पर दिल्लीवासियों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की घोषणा की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.