सराज में खाई में गिरी जीप, शिवरात्रि की सुबह तीन युवकों की मौत

थुनाग: शिवरात्रि महोत्सव की सुबह सराज क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डाल दिया। तड़के करीब चार बजे चार दोस्त जीप लेकर निकले थे, लेकिन बुनालीधार के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
200 मीटर गहरी खाई में गिरी जीप
जानकारी के अनुसार, जीप (एचपी-65 5148) योगराज निवासी बगस्याड की बताई जा रही है। बताया गया कि चारों युवक बिना किसी को बताए घर से निकल पड़े थे। लंबाथाच-कलहणी मार्ग पर बुनालीधार के समीप वाहन नियंत्रण खो बैठा और लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दो युवक वाहन से बाहर गिरे हुए थे, जबकि दो अंदर फंसे थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में वाहन मालिक योगराज का बेटा हार्दिक भी शामिल है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। हादसा इतना भीषण था कि शुरुआती तौर पर युवकों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। बताया जा रहा है कि सभी युवक आईटीआई के छात्र थे।
थाना प्रभारी जंजैहली रामकृष्ण ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घायल युवक का उपचार जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.