शिमला पहुंचे जेपी नड्डा, शनिवार को करेंगे भाजपा के नए प्रदेश मुख्यालय का शिलान्यास

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शिमला पहुंचते ही सक्रिय हो गए। शुक्रवार देर शाम शहर में प्रवेश करते ही उन्होंने भाजपा विधायक दल और वरिष्ठ नेताओं के साथ रणनीतिक बैठक की और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति, आने वाले कार्यक्रमों और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में वर्तमान कांग्रेस सरकार की नीतियों और उनकी आलोचनाओं पर भी गहन चर्चा हुई।
भाजपा के नए प्रदेश मुख्यालय का शिलान्यास
शनिवार सुबह नड्डा जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट रोड पर बढ़ैहरी क्षेत्र में बनने वाले भाजपा के नए प्रदेश मुख्यालय भवन का शिलान्यास करेंगे। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। शिलान्यास के बाद वे पीटरहॉफ शिमला में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां पार्टी की उपलब्धियों और केंद्र से हिमाचल को मिलने वाली योजनाओं का विस्तार से विवरण साझा किया जाएगा।
जेपी नड्डा अपने संबोधन में हाल ही में मंडी में आयोजित कांग्रेस के जन संकल्प सम्मेलन पर भी प्रतिक्रिया देंगे। इसके अलावा, वे नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, कांग्रेस सरकार की कमियों को जनता के सामने प्रभावी ढंग से रखने और 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करने के लिए दिशा-निर्देश देंगे।
विधायक दल की बैठक और स्वागत
शुक्रवार शाम को नेता विपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई विधायक दल की बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों का विश्लेषण किया गया। बैठक में संगठन की सभी गतिविधियों का ब्यौरा राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसमें भाजपा की आपदा प्रबंधन गतिविधियां, ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
इसके पहले, नड्डा के शिमला के विली पार्क पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन और महामंत्री संगठन सिद्धार्थन ने उनका स्वागत किया। नड्डा चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से शिमला पहुंचे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.