कर्नाटक की अंतिम मतदाता सूची जारी, SIR के बाद घटकर 4.54 करोड़ रह गई संख्या

HIGHLIGHTS
- कर्नाटक में SIR प्रक्रिया के दौरान करीब 99.76 लाख मतदाताओं के नाम कम हुए।
- अंतिम मतदाता सूची में कुल 4,54,55,689 मतदाता दर्ज किए गए।
- ड्राफ्ट सूची से हटाए गए नामों में 65.45 लाख मतदाता स्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके थे।
बेंगलुरु। कर्नाटक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया 27 अक्टूबर को पूरी हो गई। इसके बाद राज्य की मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या घटकर 4,54,55,689 रह गई है। प्रक्रिया से पहले राज्य में करीब 5.5 करोड़ मतदाता थे। इस तरह सूची से लगभग 99.76 लाख मतदाता कम हो गए हैं।
नई सूची में करीब 86.56 लाख मतदाता 20 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के हैं, जबकि 6.83 लाख नए मतदाता शामिल हैं।
SIR से पहले कर्नाटक में थे 5.5 करोड़ मतदाता
16 जून को SIR प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची फ्रीज किए जाने के समय कर्नाटक में करीब 5.5 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके बाद जांच के दौरान 24 अगस्त को जारी ड्राफ्ट सूची से लगभग 1.08 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए थे। यह कुल मतदाताओं का करीब 19.48 प्रतिशत था।
इन मतदाताओं को ASDDO यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लिकेट और अन्य श्रेणियों में रखा गया था। ड्राफ्ट सूची से हटाए गए नामों में सबसे बड़ी संख्या स्थायी रूप से स्थानांतरित माने गए मतदाताओं की थी। इस श्रेणी में 65.45 लाख मतदाता शामिल थे, जो ASDDO सूची का 11.8 प्रतिशत था।
30 से 39 वर्ष के मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा
नोटिस चरण पूरा होने के बाद अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाने वाले 43.82 लाख लोगों में से 43.2 लाख के नाम शामिल किए गए। वहीं, नोटिस जारी होने के बाद 61,867 मतदाताओं को अंतिम सूची से बाहर कर दिया गया।
राज्य में 30 से 39 वर्ष की आयु वाले मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। वर्तमान में करीब 4.5 करोड़ मतदाताओं में से 1.02 करोड़ मतदाता इसी आयु वर्ग के हैं।
महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से चार लाख अधिक
कर्नाटक में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से करीब चार लाख अधिक है। 24 अगस्त से शुरू हुए दो महीने के दावे, नोटिस और आपत्तियों के चरण के दौरान ड्राफ्ट सूची में शामिल लगभग 4.4 करोड़ मतदाताओं में से करीब 43.8 लाख लोगों को नोटिस जारी किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से लगभग 60,000 लोगों के नाम अंतिम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.