मुजफ्फरनगर: शिवसेना प्रदेश अध्यक्ष बनने पर ललित मोहन शर्मा का भव्य स्वागत

मुजफ्फरनगर। शिवसेना में प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दोबारा मिलने के बाद ललित मोहन शर्मा के सम्मान में विभिन्न संगठनों और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में क्रांति सेना महिला मोर्चा की ओर से उनके सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस दौरान ललित मोहन शर्मा का पुष्पमालाएं पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष पद पर उनकी पुनर्नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका और लंबे अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी दोबारा सौंपा जाना कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का विषय है।

पूनम चौधरी ने कहा कि ललित मोहन शर्मा ने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को नई दिशा और ऊर्जा मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी समय में संगठन का विस्तार और जनहित से जुड़े मुद्दों को और मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अनुभवी नेतृत्व किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होता है और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ललित मोहन शर्मा का अनुभव शिवसेना के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं और जनसंपर्क अभियानों को लेकर भी चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर अनीता ठाकुर, रानी चौधरी, आरती सैनी, पूनम चाहल, राखी प्रजापति, मोनिका प्रजापति, कमलेश देवी, सविता कश्यप, महेंद्री, अमृता और दुलारी सहित कई महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.