लखनऊ: पीएम मोदी पर अभद्र पोस्ट, सीएम योगी की एडिटेड फोटो शेयर; दो पर केस दर्ज

लखनऊ। चिनहट निवासी सतेंद्र कुमार की शिकायत पर बीबीडी पुलिस ने एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि इंस्टाग्राम आईडी ‘वन क्रिएटर’ के संचालक नितिन विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री और देश की बेटियों के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा में वीडियो पोस्ट किए।
सतेंद्र कुमार का कहना है कि आरोपी इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार आपत्तिजनक कंटेंट डाल रहा है, जिसमें देश की महिलाओं और विशेष रूप से बीबीडी यूनिवर्सिटी की छात्राओं को लेकर भी गलत शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियां राष्ट्रविरोधी मानसिकता को दर्शाती हैं और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की पहचान व लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
इसी तरह के दूसरे मामले में इंदिरानगर के सुगामऊ निवासी दिलीप लोधी की तहरीर पर हजरतगंज पुलिस ने विजय श्याम यादव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है।
दिलीप लोधी का आरोप है कि आरोपी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर को एडिट कर फेसबुक पर आपत्तिजनक रूप में पोस्ट किया और उसके साथ अभद्र टिप्पणी भी लिखी। शिकायत के अनुसार यह पोस्ट सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और विभिन्न वर्गों में तनाव पैदा करने के उद्देश्य से की गई थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.