महजबीन हत्याकांड: पीड़ित परिवार की भूख हड़ताल जारी, वकीलों ने किया कलक्ट्रेट जाम

बरेली। अधिवक्ता महजबीन अंसारी की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन और वकीलों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट चौराहे पर प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह जाम डेढ़ घंटे तक जारी रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सीओ हाईवे ने समझाइश के बाद जाम खुलवाया, लेकिन कलक्ट्रेट गेट पर महजबीन के चाचा अधिवक्ता अच्छन अंसारी की भूख हड़ताल अब भी जारी है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 27 नवंबर को महजबीन अंसारी की उनकी ससुराल में हत्या कर दी गई थी। हाल ही में 27 फरवरी को उनकी शादी डॉ. ताल्हा से हुई थी। परिजन ने पति समेत सास-ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पति, सास और ससुर जेल भेजे गए थे, लेकिन बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।
मंगलवार दोपहर पौने दो बजे वकीलों ने धरनास्थल से कलक्ट्रेट चौराहे तक प्रदर्शन किया और मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। महिला वकील भी प्रदर्शन में शामिल रहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जाम के दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई, यहां तक कि एंबुलेंस और नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जाम में फंस गई। कोतवाली इंस्पेक्टर और सदर कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम ने वकीलों से मार्ग खोलने का आग्रह किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने शुरू में विरोध किया। बाद में वरिष्ठ वकीलों ने समन्वय कर एंबुलेंस और आवश्यक वाहनों को निकलवाया।
सीओ हाईवे ने बताया कि दहेज हत्या मामले की विवेचना सीओ प्रथम कर रहे हैं और जो भी आरोपी संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
महजबीन के चाचा अच्छन अंसारी की भूख हड़ताल पर लगातार स्वास्थ्य चिंता बढ़ रही है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि अभी तक औपचारिक जानकारी नहीं मिली थी, लेकिन जल्द ही टीम भेजकर अधिवक्ता का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.