मेरठ में झुग्गी में भीषण आग, बुजुर्ग महिला का सब कुछ जलकर राख

मेरठ। शहर के शास्त्री नगर डी ब्लॉक क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नाले के किनारे बनी एक झुग्गी में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि झुग्गी के अंदर रखा पूरा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना के वक्त झुग्गी में बुजुर्ग महिला मोनिया कश्यप मौजूद थीं। आग लगते ही आसपास के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने पूरी झुग्गी को अपनी चपेट में ले लिया था। सूचना मिलने पर नौचंदी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
आग में झुग्गी में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़िता ने बताया कि झुग्गी के अंदर करीब 50 हजार रुपये नकद रखे थे, जिन्हें वह गाय खरीदने के लिए जमा कर रही थीं। इसके अलावा घर से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए।
मोनिया कश्यप ने बताया कि वह गाय पालन कर दूध बेचकर अपने जीवनयापन करती हैं। उनके तीन बेटे—सोनू, पंकज और विक्की—अलग-अलग किराए के मकानों में रहते हैं।
इस घटना के बाद बुजुर्ग महिला के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आग ने न केवल उनका सामान छीन लिया बल्कि उनकी वर्षों की जमा-पूंजी और जरूरी कागजात भी नष्ट कर दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.