मीरा-भायंदर चुनाव: भाजपा का घोषणापत्र जारी, सड़क से मेट्रो तक विकास के वादे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और विधायक नरेंद्र मेहता ने शुक्रवार को मीरा-भायंदर नगर निगम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। 15 जनवरी को प्रस्तावित चुनावों को देखते हुए पार्टी ने इसे ‘मीरा-भायंदर के समग्र विकास का संकल्प’ नाम दिया है। इस दस्तावेज़ में शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस और सुरक्षित बनाने की विस्तृत योजना रखी गई है।
विकास पर केंद्रित रोडमैप
महायुति गठबंधन के घटक दल भाजपा और शिवसेना नगर निगम की सत्ता के लिए मैदान में हैं। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय के समन्वय वाली ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ की अवधारणा को आगे बढ़ाया है। पार्टी ने शहर की जर्जर सड़कों की समस्या को खत्म करने के लिए 100 से अधिक नई कंक्रीट सड़कों के निर्माण का वादा किया है।
इसके साथ ही मेट्रो परियोजना, दहिसर-भायंदर लिंक रोड और जेसल पार्क से घोड़बंदर तक प्रस्तावित कोस्टल रोड को समय पर पूरा करने की बात कही गई है, ताकि मुंबई से आवाजाही आसान और तेज हो सके।
पानी, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाएं
घोषणापत्र में जल संकट के समाधान के लिए सूर्य परियोजना और 75 एमएलडी क्षमता वाली नई जल योजना के जरिए 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिया गया है। भाजपा ने नगर निगम में सत्ता मिलने पर 300 बेड का नया सिविल अस्पताल बनाने और पंडित भीमसेन जोशी अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधाओं से अपग्रेड करने की घोषणा की है। साथ ही आयुष्मान भारत कार्ड से जुड़े सेवा केंद्रों की संख्या बढ़ाने का भी वादा किया गया है।
पर्यावरण, पुनर्विकास और सुरक्षा पर फोकस
पार्टी ने स्थानीय जरूरतों के अनुरूप क्लस्टर डेवलपमेंट नीति लागू करने, झुग्गियों के पुनर्विकास के दौरान आधुनिक शौचालय और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही है। इसके अलावा पेनकरपाड़ा कचरा परियोजना को रद्द करने, बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित करने और वायु व ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के उपाय शामिल किए गए हैं।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हाई-टेक कैमरों से लैस सर्विलांस टावर लगाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.