मुजफ्फरनगर: पुलिस एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी बदमाश अमजद ढेर

मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अमजद मारा गया। इस दौरान दरोगा संदीप और सिपाही अशफाक घायल हो गए। मुठभेड़ में एसपी देहात आदित्य बंसल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जबकि एक अन्य बदमाश मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के अनुसार, तड़के करीब तीन बजे थाना बुढ़ाना, तितावी और शाहपुर की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। रुकने के बजाय बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसोली गांव निवासी अमजद के रूप में हुई। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
घायल अमजद को तुरंत बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, अमजद अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय अपराधी था और उसके खिलाफ मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत और गाजियाबाद समेत कई जिलों में हत्या, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 40 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह बुढ़ाना कोतवाली में दर्ज दो लूट के मामलों में वांछित चल रहा था।
मुठभेड़ के दौरान दरोगा संदीप और सिपाही अशफाक को गोली लगने से चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, एक कार्बाइन, कुछ आभूषण और अन्य दस्तावेज बरामद करने का दावा किया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.