मुजफ्फरनगर: कबीर जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की मांग, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर। संत कबीर साहेब की जयंती पर उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर एक बार फिर आवाज़ उठी है। वीरांगना झलकारी बाई कोरी एकता मंच ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपते हुए 29 जून 2026 को प्रदेशव्यापी अवकाश घोषित करने की मांग की है।

संगठन के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में कहा कि ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन मनाया जाने वाला संत कबीर साहेब का प्रकटोत्सव कबीरपंथी समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर होता है। इस दिन प्रदेश समेत देशभर में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
जिलाध्यक्ष सदनपाल कोरी, उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार कोरी और महामंत्री मोहित कोरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संत कबीर के विचार आज भी समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। ऐसे में उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करना उनके अनुयायियों की भावनाओं का सम्मान होगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रदेश सरकार पहले से ही कई संतों और महापुरुषों की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करती है। संगठन का मानना है कि संत कबीर साहेब का योगदान भी उतना ही महत्वपूर्ण है, इसलिए उनकी जयंती को भी सरकारी मान्यता मिलनी चाहिए।

पदाधिकारियों ने कहा कि संत कबीर का जीवन और कर्मभूमि उत्तर प्रदेश से गहराई से जुड़ी रही है। काशी में उनका प्राकट्य और मगहर में उनकी समाधि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी और 29 जून को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर प्रदेश के लाखों अनुयायियों को सम्मान देगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान श्यामवीर सिंह रामपुरी, मनोज कुमार, कृष्णपाल कोरी, कुणाल कोरी, मयंक कोरी, वेद प्रकाश, धर्मेंद्र कोरी और पवन सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.