मुजफ्फरनगर: पीएम सूर्य घर योजना पर डीएम सख्त, लोन और इंस्टॉलेशन में तेजी के निर्देश

मुजफ्फरनगर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को डीएम उमेश मिश्रा ने कैंप कार्यालय स्थित नए सभागार में बैठक की। इस दौरान उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना से जुड़े ऋण आवेदनों का निपटारा तेजी से किया जाए, ताकि लाभार्थियों को समय पर फायदा मिल सके।
बैठक में विद्युत विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सत्यापन रिपोर्ट, नेट मीटरिंग, तकनीकी कॉन्फिगरेशन और उपभोक्ताओं के बिजली बिल में आ रही गड़बड़ियों के समाधान पर अधिकारियों से रिपोर्ट ली गई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए और इसके लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी तत्काल अपने अधीनस्थों के साथ बैठक कर कार्य में तेजी लाएं।
डीएम ने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही या शिकायत सामने आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं बैंक अधिकारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे लोन प्रक्रिया में देरी न करें और पात्र लाभार्थियों को जल्द स्वीकृति दें।
अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से बैंक प्रतिनिधियों और वेंडरों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा करें। साथ ही वेंडरों को प्रतिदिन कम से कम दो सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया। जो वेंडर कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस योजना के तहत अब तक 17,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। हजारों लाभार्थियों के यहां सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं और बड़ी संख्या में लोगों को अनुदान भी मिल चुका है। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी पात्र लोगों तक योजना का लाभ जल्द से जल्द पहुंचाया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.