मुजफ्फरनगर: जेबी स्टील्स में जीएसटी की बड़ी छापेमारी, घंटों चली जांच

मुजफ्फरनगर: मेरठ रोड स्थित जेबी स्टील्स फर्म पर बुधवार को केंद्रीय जीएसटी विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर जांच शुरू कर दी। पांच वाहनों में पहुंचे अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों और फर्म के निदेशकों से लंबी पूछताछ की और पूरे कारोबार से जुड़े दस्तावेज खंगाले।
जानकारी के अनुसार, टीम ने खरीद-बिक्री का पूरा रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और बैंक खातों की गहन जांच की। यह कार्रवाई कई घंटों तक चली, जिसके दौरान फर्म के लेन-देन और सप्लाई चैन से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की गई।
जेबी स्टील्स का कारोबार सरिया, गर्डर, चैनल और स्टील प्लेट जैसी निर्माण सामग्री से जुड़ा है, जिसे गाजियाबाद सहित आसपास के जिलों से मंगाकर मुजफ्फरनगर क्षेत्र में सप्लाई किया जाता है। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले तक फर्म के निदेशक वेयर गंज क्षेत्र में भी इसी तरह का कारोबार करते थे, लेकिन बाद में पार्टनरशिप अलग-अलग हो गई थी।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय जीएसटी की टीम ने इससे पहले कुछ दिनों पूर्व फर्म से जुड़े एक अन्य गोदाम, जो राणा चौक के पास स्थित है, पर भी जांच की थी। उसी सिलसिले में यह ताजा कार्रवाई की गई है।
हालांकि इस पूरे मामले पर स्टेट जीएसटी (एचआईबी) के ज्वाइंट कमिश्नर सिद्धेश चंद्र दीक्षित ने किसी भी तरह की छापेमारी की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.