मुजफ्फरनगर: आंधी-बारिश से 17 गांवों में बिजली ठप, 13 घंटे से सप्लाई बंद

मुजफ्फरनगर। जिले में गुरुवार रात आई तेज आंधी और बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। नंगला-सिखेड़ा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 17 गांवों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई। शुक्रवार सुबह तक भी कई इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 9 बजे मौसम खराब होने के साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। शहर के अधिकांश हिस्सों में देर रात तक सप्लाई सामान्य कर दी गई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में हालात सामान्य होने में काफी समय लग गया। शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे तक भी कई गांव अंधेरे में डूबे रहे।

नंगला-सिखेड़ा बिजलीघर से सिखेड़ा, नंगला, मंदौड़, दाहखेड़ी, बेहड़ा अस्सा, भंडूर, भिक्की समेत लगभग 17 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। लंबे समय तक बिजली न आने के कारण ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी और रातभर अंधेरे का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती के चलते घरों में लगे इनवर्टर जवाब दे गए। मोबाइल फोन भी डिस्चार्ज हो गए, जिससे लोगों को संपर्क बनाए रखने में दिक्कत हुई। सुबह तक बिजली न लौटने से पेयजल आपूर्ति और दैनिक कार्य भी प्रभावित हुए।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण जानसठ की तरफ से आने वाली 33 केवी लाइन पर कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं गिर गई थीं, जिससे लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। कर्मचारियों ने रातभर फॉल्ट की तलाश और मरम्मत का काम जारी रखा।
अवर अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि 33 केवी लाइन के अधिकांश फॉल्ट दूर कर दिए गए हैं। अब विभिन्न फीडरों की जांच की जा रही है और जल्द ही सभी प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.