मुजफ्फरनगर: अज्ञात ने ईंट मारकर कार का शीशा फोड़ा, पूरी घटना CCTV में कैद

मुजफ्फरनगर के नगर पालिका परिषद परिसर में खड़ी एक कार को अज्ञात व्यक्ति ने नुकसान पहुंचा दिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया गया है कि नगर पालिका में कार्यरत कृष्ण कुमार ने गुरुवार रात अपनी सफेद रंग की एक्सयूवी कार पालिका परिसर की पार्किंग में खड़ी की थी। देर रात करीब 10:30 बजे बारिश के दौरान एक काले रंग की कार परिसर में दाखिल हुई।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार संदिग्ध वाहन पहले एक्सयूवी के पास आकर रुका। चालक ने कार को ध्यान से देखा और फिर आगे बढ़ गया। कुछ समय बाद वह दोबारा वापस लौटा और अपनी कार को एक्सयूवी के समीप ले जाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने वाहन की खिड़की से ईंट फेंककर एक्सयूवी का शीशा तोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह हुआ, जब कृष्ण कुमार अपनी कार के पास पहुंचे। वाहन का शीशा टूटा देखकर उन्होंने आसपास जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान कार के निकट पड़ी ईंट देखकर उन्हें शरारत की आशंका हुई।

इसके बाद परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली। फुटेज सामने आने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों में भी नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.