नोएडा: सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर किशोर ने दी जान, कमरे में मृत मिले पिता

HIGHLIGHTS
- अमृत शर्मा के पास से दो मोबाइल फोन और कुछ चाबियां बरामद हुईं।
- चाबियों से कमरा खोला गया तो अंदर राजू शर्मा मृत अवस्था में मिले।
- राजू शर्मा के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए।
नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर 16 वर्षीय अमृत शर्मा ने मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद जब उसके पिता राजू शर्मा की तलाश की गई तो वह तिकोना पार्क स्थित एक कमरे में मृत अवस्था में मिले। उनके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए।
बीते गुरुवार को अरुण शर्मा ने थाना फेस-3 पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उनके भतीजे अमृत शर्मा ने नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी है। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि अमृत के पिता राजू शर्मा का कहीं पता नहीं चल रहा है।
अरुण शर्मा थाना फेस-3 क्षेत्र में जगन्नाथ मंदिर के आसपास रहते हैं। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने राजू शर्मा की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान तिकोना पार्क, अजनारा समिति, गली नंबर-2 स्थित एक मकान के कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस ने जांच की।
कमरे में मृत मिले राजू शर्मा
अमृत शर्मा के पास से पुलिस को दो मोबाइल फोन और कुछ चाबियां मिलीं। इन चाबियों की मदद से कमरे का ताला खोला गया तो अंदर राजू शर्मा मृत अवस्था में मिले। उनके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे।
घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम और पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे से अमृत के खून से सने कपड़े भी बरामद हुए, जिन्हें फोरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया।
पिता के रोकने से नाराज था अमृत
आस-पास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि राजू शर्मा अपने बेटे अमृत को बाहर जाने से रोकते थे। उन्होंने अमृत का किसी स्कूल में दाखिला भी नहीं कराया था। बताया गया कि इस वजह से अमृत क्षुब्ध और अवसादग्रस्त था।
अमृत के खिलाफ केस दर्ज
राजू शर्मा के भाई अरुण शर्मा की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अमृत शर्मा को नामजद करते हुए थाना फेस-3 में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.