आकाश आनंद के काम से संतुष्ट मायावती, अशोक सिद्धार्थ की बसपा में वापसी से इनकार

HIGHLIGHTS
- आकाश आनंद की कार्यशैली और परिपक्वता पर मायावती ने जताया भरोसा।
- अक्टूबर और नवंबर में उत्तर प्रदेश में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी मायावती।
- 26 नवंबर को पंजाब में संविधान दिवस संगोष्ठी में होंगी मुख्य अतिथि।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी संगठन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत बयान जारी किया है। उन्होंने राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की मेहनत और राजनीतिक परिपक्वता की तारीफ करते हुए उनकी आगामी जनसभाओं का कार्यक्रम घोषित किया। वहीं, अपने रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया। इसके अलावा, उन्होंने अपने दूसरे भतीजे ईशान आनंद की पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय भूमिका निभाने की जानकारी भी दी।
आकाश आनंद की राजनीतिक परिपक्वता की सराहना
मायावती ने कहा कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद काफी समझदारी और परिपक्वता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद परिवार और रिश्तों से ऊपर उठकर पार्टी तथा बहुजन आंदोलन के कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी मेहनत से कर रहे हैं।
यूपी, पंजाब और उत्तराखंड में जनसभाओं का कार्यक्रम
मायावती ने आगामी जनसभाओं और अन्य कार्यक्रमों की तारीखों की जानकारी भी साझा की है। निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है:
28 अक्टूबर 2026: बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
2 नवंबर 2026: सहारनपुर, उत्तर प्रदेश
20 नवंबर 2026: अयोध्या, उत्तर प्रदेश
22 नवंबर 2026: आगरा, उत्तर प्रदेश
26 नवंबर 2026: संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
29 नवंबर 2026: कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश
6 दिसंबर 2026: बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर हरिद्वार, उत्तराखंड में जनसभा।
अशोक सिद्धार्थ की बसपा में वापसी की संभावना खारिज
मायावती ने कहा कि पिछले दिनों हुई अप्रिय घटनाओं के लिए आकाश आनंद की तुलना में उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ अधिक जिम्मेदार थे। इसी कारण अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निष्कासित कर राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई थी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अशोक सिद्धार्थ की बसपा में दोबारा वापसी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें। मायावती ने साफ किया कि अशोक सिद्धार्थ को किसी भी परिस्थिति में पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा।
ईशान आनंद को दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में जिम्मेदारी
मायावती ने बताया कि आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद ने लंदन से कानून की पढ़ाई पूरी की है। अब वह बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे।
ईशान आनंद दिल्ली स्थित बसपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के चुनाव संबंधी कार्यों और कागजी प्रक्रिया से जुड़े कामकाज में सहयोग करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.