पंचजन्य 2026: करनाल के 210 युवाओं को दुबई में रोजगार, खट्टर ने वितरित किये ऑफर लेटर

करनाल। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत प्रदेश के 210 युवाओं को दुबई में नौकरी दिलाने का अभियान सफल हुआ। शनिवार को कल्पना चावला मेडिकल कालेज के सभागार में विदेश सहयोग विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम पंचजन्य 2026 में युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और खेल व युवा मामलों के मंत्री गौरव गौतम उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कौशल विकास पर ध्यान दें। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नई भाषाएँ सीखें और देश की जड़ों से जुड़े रहें। मंत्री ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और परिवार, समाज तथा देश की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
मनोहर लाल ने बताया कि पहले चरण में इजरायल के लिए 225 युवाओं का चयन हुआ था, जिनमें से 180 वहां गए। अब दूसरे चरण में 210 युवाओं का चयन दुबई के लिए हुआ है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों का केंद्र केवल उच्च वेतन नहीं, बल्कि विदेश में अवसर और अनुभव प्राप्त करना है।
सरकार ने चयनित युवाओं के लिए पासपोर्ट, वीजा और विदेश में सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित की है। मंत्री ने चेतावनी दी कि डंकी रूट से जाने वालों को ऐसी सुरक्षा नहीं मिलेगी। उन्होंने युवाओं से कहा कि शिक्षा के साथ कौशल प्रशिक्षण भी जरूरी है, अन्यथा डिग्री केवल सजावट के समान रह जाएगी।
खेल, युवा एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य सरकार वैश्विक स्तर पर रोजगार के नए अवसर प्रदान करने में सक्रिय है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव अवनीत पी कुमार ने बताया कि भविष्य में युवाओं को जर्मन, जापानी, अंग्रेजी, फ्रेंच जैसी भाषाओं की कोचिंग भी दी जाएगी। इसके लिए फारेन लेंग्वेज पॉलिसी जल्द लागू की जाएगी और प्रदेश में कई प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे, जिनमें एक केंद्र करनाल में भी स्थापित होगा। फरवरी में यूके के साथ एक कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.