पीलीभीत: ग्रामीणों की बहादुरी से बची महिला, तेंदुए ने घर में घुसकर किया हमला

पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र स्थित तेरह सौ भक्तनिया गांव में शनिवार सुबह तेंदुए के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई है।
परिजनों के अनुसार, द्वारिका प्रसाद की पत्नी जामवती सुबह घर में काम कर रही थीं, तभी अचानक तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया। हमले में महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
हालांकि वन विभाग की प्रारंभिक जांच कुछ अलग कहानी बयां कर रही है। सामाजिक वानिकी प्रभाग के डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि महिला पर हमला खेत में शौच के दौरान हुआ। विभागीय टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता की स्थिति जानी और घटनास्थल का भी मुआयना किया। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम तैनात कर दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में वन्यजीवों की हलचल बढ़ी है, जिससे खेतों में काम करना खतरे से खाली नहीं है। गन्ने की छिलाई और कटाई के चलते किसान पहले ही दबाव में हैं, ऐसे में हिंसक वन्यजीवों की मौजूदगी ने चिंता और बढ़ा दी है। गांव वालों ने वन विभाग से तेंदुए को सुरक्षित ढंग से क्षेत्र से हटाने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.