प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे में एक्शन, पूर्व सपा विधायक अंसार अहमद हिरासत में

प्रयागराज: फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर गांव में हुए कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री अंसार अहमद को हिरासत में लिया गया है। उनके साथ उनके बेटे मंजूर इलाही और भतीजे अलाउद्दीन को भी पुलिस ने पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है।
सोमवार को जर्जर हालत में बने एक कोल्ड स्टोरेज का हिस्सा अचानक ढह गया था, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस मामले में पुलिस ने अंसार अहमद समेत सात नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या से जुड़ी धारा सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
आरोपियों की तलाश में टीमें सक्रिय
पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इसके लिए कई टीमों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
4 मजदूरों की मौत, 14 घायल
इस हादसे में अब तक चार मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 14 लोग घायल हैं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मौके पर जारी राहत और बचाव कार्य
घटना के 20 घंटे बाद भी राहत और बचाव अभियान जारी है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मलबा हटाने में जुटी हैं। हादसे के दौरान अमोनिया गैस का रिसाव भी हुआ था, जिसे अब नियंत्रित कर लिया गया है। हालांकि, आसपास के लोगों को अभी भी सांस लेने में दिक्कत की शिकायत है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य कोल्ड स्टोरेज की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.