मोहन भागवत के Gen Z संवाद पर प्रियंका गांधी का हमला, बोलीं- युवाओं को किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं

HIGHLIGHTS
- संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
- उनका बयान मोहन भागवत की Gen Z और Gen Alpha के साथ हुई बातचीत के बाद आया।
- कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने भी आरएसएस और भाजपा की विचारधारा पर सवाल उठाए।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर निशाना साधा। उन्होंने जेन जी और जेन अल्फा के साथ मोहन भागवत की बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि देश के युवाओं को उनसे किसी तरह के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है।
प्रियंका गांधी ने क्या कहा?
संसद परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा, "देश के युवाओं को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत जी से किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।"
उनका यह बयान मुंबई स्थित नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र (एनएमएसीसी) में आयोजित कार्यक्रम में मोहन भागवत द्वारा जेन जी और जेन अल्फा के साथ बातचीत के एक दिन बाद आया है।
प्रियांक खरगे ने भी साधा निशाना
इससे पहले कर्नाटक सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि "आरएसएस और भाजपा अपनी शब्दावली तेजी से बदल रहे हैं, लेकिन इससे उनकी विचारधारा नहीं बदलने वाली। सच्चाई वही है—लोगों को बांटना, युवाओं को गुमराह करना और नफरत को नए रूप में पेश करना। संघ वही है, केवल उसकी भाषा बदली है।"
राम गोपाल यादव ने भी उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने भी मोहन भागवत की जेन जी और जेन अल्फा के साथ हुई बातचीत को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि "जब भी भाजपा खुद को पूरी तरह घिरा हुआ महसूस करती है, तब वह आरएसएस की ओर रुख करती है।"
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार को जेनरेशन जेड से चुनौती मिल रही है, तो क्या स्थिति संभालने के लिए मोहन भागवत को आगे किया जाना चाहिए? राम गोपाल यादव ने कहा कि जब भी भाजपा कठिन परिस्थितियों में होती है, तब वह समाधान तलाशने या अपनी बात रखने के लिए आरएसएस की ओर देखती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.