प्रतापगढ़ में पीआरवी टीम पर पथराव, सरकारी वाहन का शीशा टूटा

प्रतापगढ़ के बाघराय थाना क्षेत्र में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि जिसने पुलिस को सूचना दी थी, उसी के परिवार के लोगों ने पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) पर ईंट-पत्थर फेंक दिए। अचानक हुए इस हमले में पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन स्कॉर्पियो वाहन का पिछला शीशा टूट गया। मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जमीन विवाद से शुरू हुआ मामला
जानकारी के अनुसार बाघराय थाना क्षेत्र के देवरी हरदोपट्टी गांव में कृष्ण कुमार और अजय कुमार के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच झगड़ा भी हुआ था। आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अजय कुमार पक्ष के कुछ लोग कृष्ण कुमार के घर के पास पहुंच गए और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, फिर बढ़ा विवाद
स्थिति बिगड़ने पर कृष्ण कुमार ने डायल 112 पर फोन कर बताया कि कई लोग उनके घर को घेरकर उनकी मां शिवदुलारी के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कथित हमलावर वहां से हट गए, लेकिन उसी दौरान कृष्ण कुमार की मां और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई। पुलिस ने लोगों को शांत रहने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, मगर माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस वाहन पर किया पथराव
बताया जाता है कि गुस्साए परिजनों ने अचानक पीआरवी वाहन पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इससे वाहन का पिछला शीशा टूट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों को इधर-उधर छिपकर खुद को सुरक्षित करना पड़ा। घटना की जानकारी तुरंत थाने को दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष श्रवण कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख पथराव करने वाले लोग वहां से फरार हो गए। बाद में पुलिस टीम को सुरक्षित थाने वापस लाया गया। सिपाही सत्यदेव मौर्य की तहरीर पर अरुण कुमार, कृष्ण कुमार, शिवदुलारी, बीनू और बिटाऊ के खिलाफ सरकारी काम में बाधा और हमला करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.