पहले पत्नी, फिर बहन... लखनऊ में बैंककर्मी ने दोनों को मारी गोली, फिर की आत्महत्या

HIGHLIGHTS
- मिठाईवाला चौराहे पर बैंक के बाहर हुई पहली वारदात
- पति-पत्नी के बीच विवाद चलने की बात सामने आई
- महिला ने करीब एक साल पहले तलाक के लिए कोर्ट में अपील की थी
लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर स्थित व्यस्त मिठाईवाला चौराहे पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। यहां पति ने महिला बैंककर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी और फिर आत्महत्या कर ली।
आईसीआईसीआई बैंक, मिठाईवाला चौराहा के बाहर पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने के बाद मानस वाजपेई करीब एक किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे पर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन तूलिका को गोली मार दी। बहन की हत्या के बाद मानस वाजपेई ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मानस और उसकी पत्नी दिव्या के बीच विवाद चल रहा था, जबकि उसकी बहन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
पत्नी की हत्या के बाद मानस वाजपेई ने मोबाइल के वॉट्सऐप पर स्टेटस लगाया था, जिसमें लिखा था- सुसाइड करने जा रहा हूं। दिव्या मिश्रा यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थी। उसने करीब एक साल पहले पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद से वह आलमबाग में रह रही थी।
मानस वाजपेई हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन सीबा के किराए के मकान में रहता था। वह भारतीय स्टेट बैंक में काम करता था। मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
आईसीआईसीआई बैंक की मिठाईवाला चौराहा शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत दिव्या मिश्रा को उसके पति मानस वाजपेई ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। उसे करीब 1:15 बजे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला को आईसीआईसीआई बैंक के बाहर गोली मारी गई थी।
इस घटना के बाद लखनऊ में तीन मौतों से सनसनी फैल गई। बैंककर्मी महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस की टीम जांच में जुटी थी, तभी सूचना मिली कि पत्नी के बाद बहन की हत्या करने वाले युवक ने आत्महत्या कर ली है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.