पंजाब: गोल्डी बराड़ गैंग के 10 शूटर गिरफ्तार, हथियार और रंगदारी का पर्दाफाश

पंजाब और पड़ोसी राज्यों में व्यापारियों और कारोबारियों को धमकी देकर रंगदारी वसूलने वाले गोल्डी बराड़ गैंग के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चार सप्ताह की अंदरुनी जांच के बाद आरोपियों का पता लगाया गया और उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ऑस्ट्रियन ग्लाक और दस अन्य विदेशी हथियार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गैंग के मुख्य सदस्य नरेश सेठी, जतिन उर्फ सैम, जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू, शुभम ग्रोवर, जतिन ककटारिया, राजेश उर्फ कन्नू, मानव, विकास पाल, जतिन मट्टू उर्फ मकड़ा और मुकुल शामिल हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि नरेश सेठी गैंग का मुख्य सदस्य है और पंजाब की विभिन्न जेलों में बंद गैंगस्टरों से उसका संपर्क है। वह हथियार सप्लाई का पूरा कारोबार देखता था और आरोपियों के जरिए पंजाब में हथियार तस्करी, जबरन वसूली और हत्याओं के जरिए अराजकता फैलाने में शामिल था। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
सलेम टाबरी में हुई फायरिंग
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 5 जनवरी को सलेम टाबरी इलाके में जतिन मट्टू उर्फ मकड़ा और कुनाल मच्छी ने फायरिंग की थी। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ, जो अभी डीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन है। इस मामले में पुलिस ने मकड़ा और मुकुल को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से पांच विदेशी हथियार बरामद किए।
रंगदारी के लिए कॉल
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपियों ने पंजाब के कई कारोबारियों और बड़े दुकानदारों को रंगदारी के लिए कॉल किए। गिरोह रेकी करके योजना बनाता और फिर फोन कर फिरौती वसूलता था। लगातार तीन हफ्तों की कार्रवाई में पुलिस ने कुल 10 शूटर और सप्लायरों को गिरफ्तार किया और 12 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए।
डीजीपी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
इस मामले की जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। उन्होंने बताया कि यह गिरोह पंजाब में अवैध हथियार तस्करी, रंगदारी और सुपारी किलिंग में सक्रिय था और राज्य में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मुख्य आरोपी गोल्डी बराड़ इस समय विदेश में है और उसे लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया चल रही है। जांच अभी जारी है और कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.