पंजाब: अमृतपाल सिंह की पार्टी ने जारी की नई सूची, पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित

HIGHLIGHTS
- अजनाला से दलजीत सिंह कलसी और मोगा से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को टिकट
- दोनों घोषित उम्मीदवारों पर एनएसए लगा हुआ है और वे जेल में बंद हैं
- गिल से दर्शन सिंह शिवालिक को प्रत्याशी बनाया गया
खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पांच और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। घोषित उम्मीदवारों में दो ऐसे हैं, जिन पर एनएसए लगा हुआ है और वे फिलहाल जेल में बंद हैं।
पार्टी ने अमृतसर की अजनाला विधानसभा सीट से दलजीत सिंह कलसी और मोगा से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को प्रत्याशी बनाया है। इन दोनों के खिलाफ एनएसए लगा हुआ है।
इसके अलावा पार्टी ने गिल विधानसभा सीट से दर्शन सिंह शिवालिक, कपूरथला से जगजीत सिंह बाबा जग्गा और कोटकपूरा से रछपाल सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। उम्मीदवारों के नामों की घोषणा अमृतसर में सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने की।
केहर सिंह के बेटे को बस्सी पठाना से बनाया प्रत्याशी
इससे पहले पार्टी बस्सी पठाना सीट से सतवंत सिंह को उम्मीदवार बनाने का ऐलान कर चुकी है। सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में आरोपी रहे केहर सिंह के बेटे हैं।
इस मौके पर तरसेम सिंह ने कहा कि पार्टी की ओर से कौम के लिए कुछ कर गुजरने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है।
बता दें कि अमृतपाल सिंह ने 2024 का लोकसभा चुनाव जेल में रहते हुए खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था और जीत हासिल की थी। वह फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। जेल में होने की वजह से वह संसद की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके हैं। पार्टी की ओर से कहा गया है कि अमृतपाल सिंह 2027 का विधानसभा चुनाव भी जेल में रहते हुए लड़ेंगे।
करीब चार महीने पहले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने अमृतपाल सिंह को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। पार्टी से जुड़े नेता पंथक मुद्दों, सिख अधिकारों और युवाओं से जुड़े विषयों को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कह रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.