राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, क्या हुई बातचीत?

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से संसद परिसर में मुलाकात की। बैठक का मुख्य विषय राजस्थान की बसों की सुरक्षा और बस बॉडी निर्माण से जुड़े नए नियम थे। साथ ही बैठक में एनएचएआई परियोजनाओं और राजस्थान में आरटीओ बस रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान प्रियंका और राहुल गांधी ने हाल ही में स्लीपर बसों में आग लगने की घटनाओं के बाद जारी किए गए सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया।
गडकरी ने कही गंभीर चिंता
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा वीडियो में गडकरी ने कहा कि कई बस निर्माता नियमों का पालन नहीं करते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ बसों में एसी और अन्य उपकरण इस तरह लगाए जाते हैं कि आग लगने की स्थिति में यात्री सुरक्षित बाहर नहीं निकल पाते। केंद्रीय मंत्री ने इसे गंभीर समस्या बताया और कहा कि लोगों की जान खतरे में डालने वाला काम स्वीकार्य नहीं है।
राहुल-प्रियंका ने दिए सुझाव
बैठक में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने नियमों के पालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुझाव दिए। गडकरी ने आश्वासन दिया कि नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा और यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
ड्राइविंग लाइसेंस और परिवहन संबंधी मुद्दों पर चर्चा
मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने ट्रक और बस संचालन से जुड़े मुद्दों के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अधिक समय और खर्च होने की समस्या भी गडकरी के सामने रखी। प्रियंका ने कहा कि गडकरी ने इसे गंभीरता से लिया है और जल्द ही इसे हल करने का आश्वासन दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.