दिल्ली और आसपास के राज्यों में बारिश और तेज हवाओं से गिरा तापमान, येलो अलर्ट जारी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मार्च की शुरुआत में जहां तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया, वहीं बुधवार शाम अचानक बदले मौसम ने राहत पहुंचाई। तेज हवाओं और हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिन में बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद या शाम तक हल्की बारिश हो सकती है।
दो दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों तक मौसम का यह बदला हुआ रुख जारी रहेगा। दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन राज्यों में भी असर
दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश का पूर्वानुमान है। हरियाणा के हिसार, रोहतक, भिवानी, सोनीपत, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर और चरखी दादरी सहित कई जिलों में मौसम बदलने के आसार हैं।
पहाड़ी और अन्य क्षेत्रों का हाल
मौसम की यह सक्रियता केवल मैदानी इलाकों तक सीमित नहीं है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि निचले इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश होने के संकेत हैं। वहीं छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में भी नमी के कारण अलग-अलग स्थानों पर वर्षा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.