मेरा वजूद एनजीओ द्वारा विभिन्न क्षेत्र के विशिष्ट लोगों का सम्मान

मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के सभागार में 24 मार्च 2026 को एक भव्य रिकॉग्निशन सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों को उनके विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गायन, नृत्य, योग, साहित्य, कविता, लेखन, फोटोग्राफी, कला, महिला सशक्तिकरण, समाजसेवा, खेल, स्वास्थ्य, पत्रकारिता और संगीत जैसे क्षेत्रों में पारंगत 161 बहुमुखी प्रतिभाओं को अभिनंदन पत्र, सम्मान प्रतीक और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अभिन्न कार्यक्रम में सम्मानित किये जाने वाले विशिष्ट जनों में नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा के कद्दावर नेता डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा, रालोद नेता पं. उमादत्त शर्मा, इंटरनेशनल गुडविल सोसाइटी, आचार्यकुल एवं सर्वोदय से जुड़े समाजसेवी होतिलाल शर्मा एडवोकेट, भारतीय ग्रामीण पत्रकारिता के कीर्तिस्तंभ रोहिताश वर्मा, पत्रकार आर.पी तोमर, महानगरीय तथा संसदीय एवं साहित्य क्षेत्र की रिपोर्टिंग के दक्ष पत्रकार एवं 'देहात' के संपादक गोविंद वर्मा को सम्मानित किया गया।

इन्हीं के साथ महावीर चौक स्थित पुस्तकालय का पुनरुद्धार कर उसे जीवंत बनाने वाले रणधीर सिंह, लेखिका सुशीला शर्मा एवं विजया गुप्ता के साहित्य योगदान, रचना धर्मिता के लिये सम्मानित किया।
समारोह का उद्घाटन मेजर जनरल (रि.) प्रमोद सहगल, विद्या वैभव एजुकेशनल कोन्क्लेव अवार्ड के चेयरपर्सन श्रुतिधारा आर्य, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के नेशनल सेक्रेटरी कुश पुरी, प्रतिष्ठित शिक्षाविद और समाज सुधारक स्वामी तेजश्वरानंद, स्पीक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एम. तिवारी, कार्यक्रम अध्यक्ष और समाजसेवी कुंवर देवराज पंवार, चैयरमैन एन.आई.एच. डॉ. विनोद कश्यप, लेखक और समाजसेवी प्रत्यूष गोयल तथा मेरा वजूद फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। मेरा वजूद फाउंडेशन के चेयरमैन प्रवेंद्र दहिया, कार्यकारी सचिव समृद्धि त्यागी, संरक्षक प्रत्यूष गोयल, उपाध्यक्ष डॉ. रणवीर सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज धीमान और अन्य पदाधिकारी उपस्थित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और सम्मान प्रतीक भेंट कर अभिनंदन किया।
स्वागत उद्बोधन में समृद्धि त्यागी ने कार्यक्रम और मेरा वजूद फाउंडेशन द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वहीं प्रत्यूष गोयल द्वारा लिखित पुस्तक The 21 Codes of Wealth का विमोचन भी समारोह में किया गया।

मुख्य अतिथि मेजर जनरल (रि.) प्रमोद सहगल ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रतिभावान व्यक्तियों को पहचान और सम्मान देना अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वामी तेजश्वरानंद ने प्रतिभाओं को स्वास्थ्य बनाए रखने और योग-ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

समारोह में मुख्य अतिथि और पदाधिकारी ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के शिक्षकों और स्टाफ की भूमिका और जनपद के गायक कुशल के संगीत प्रदर्शन ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.