सेंसेक्स और निफ्टी ने तोड़ा रिकॉर्ड, एसबीआई और इंफोसिस के शेयर चमके

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार नए महीने की शुरुआत के साथ सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी के साथ खुला। मेटल, ऑटो, आईटी और पीएसयू बैंक सेक्टर्स में खरीदारी देखने को मिली।
सुबह 10 बजे सेंसेक्स 272.67 अंक या 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 85,979.34 पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान सेंसेक्स ने 86,159.02 का नया ऑल-टाइम हाई भी छू लिया। वहीं निफ्टी 63.40 अंक या 0.24 प्रतिशत ऊपर 26,266.35 स्तर पर था और इसने 26,325.80 का नया रिकॉर्ड हाई दर्ज किया। बैंक निफ्टी भी 292.50 अंक या 0.49 प्रतिशत बढ़कर 60,045.20 पर बंद हुआ, इस दौरान इसका नया रिकॉर्ड हाई 60,114.05 रहा।
'मार्केट में उत्सव नहीं'
विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा हो, लेकिन बाजार में उत्सव का माहौल नहीं है। अधिकांश रिटेल निवेशकों के पोर्टफोलियो अभी भी सितंबर 2024 के पीक से नीचे हैं। इसका कारण यह है कि एनएसई 500 में से 330 स्टॉक्स अभी भी अपने पिछले पीक के मुकाबले कम प्रदर्शन कर रहे हैं।
किस शेयर में बढ़त, किसमें गिरावट
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े, खासकर मैन्युफैक्चरिंग, सर्विसेज और फाइनल कंजम्प्शन एक्सपेंडिचर में वृद्धि ने बाजार को मजबूती दी।
सेंसेक्स में टॉप गेनर्स रहे: टीएमपीवी, बीईएल, अदाणी पोर्ट्स, एसबीआई, इंफोसिस, टाटा स्टील, एचसीएल टेक, एक्सिस बैंक, एमएंडएम, एलएंडटी और टेक महिंद्रा।
टॉप लूजर्स रहे: आईटीसी, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी और टाइटन।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का रुझान
एशियाई बाजारों में बैंकॉक, जकार्ता, हांगकांग और चीन हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि सोल और जापान लाल निशान में बंद हुए।
अमेरिकी बाजार शुक्रवार को हरे निशान में बंद हुए। डाउ जोंस 0.61 प्रतिशत बढ़कर 47,716.42 पर, एसएंडपी 500 0.54 प्रतिशत बढ़कर 6,849.09 और नैस्डेक 0.65 प्रतिशत ऊपर 23,365.69 पर बंद हुआ।
खरीदारी किसने की
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) लगातार दूसरे दिन शुद्ध विक्रेता रहे और उन्होंने 3,795.72 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 4,148.48 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.