मेरठ में कड़ाके की ठंड: 13 और 14 जनवरी को 9वीं तक के स्कूल बंद

मेरठ (उत्तर प्रदेश)। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्देश जारी किया है। डीएम के आदेश के अनुसार, प्री-नर्सरी से कक्षा 9 तक के सभी स्कूल, चाहे वे माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत शिक्षा बोर्ड, मदरसा बोर्ड, सीबीएसई या आईसीएसई से संबद्ध हों, 13 और 14 जनवरी को बंद रहेंगे। वहीं, कक्षा 10 से 12 तक के छात्रों के लिए स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे। परीक्षाएं पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। प्रशासन ने सभी स्कूलों से इस आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की देखभाल करें।
घना कोहरा बना परेशानी का कारण
रात के समय मेरठ में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। इससे सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते दिखाई दिए। कड़ाके की ठंड ने आम लोगों को कांपने को मजबूर कर दिया है।
सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रात का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन और बढ़ गई है। इस ठंड का सबसे ज्यादा असर रिक्शा चालकों, ठेले वालों और खुले में काम करने वाले मजदूर वर्ग पर पड़ रहा है। लोग सुबह-शाम अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।
यातायात और सार्वजनिक परिवहन प्रभावित
घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही। इसके अलावा, ट्रेन और बसों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। मौसम वैधशाला के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 19.1 और रात का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के अन्य जिलों में शीतलहर और पाले की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, बरेली में न्यूनतम तापमान 3.8 और मुजफ्फरनगर में 3.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई जिलों में रात में शीतलहर और पाले की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा उत्तरी-पश्चिमी हो गई है, जिससे अधिकांश क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में 1-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
आगामी दो दिन ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं
मौसम विशेषज्ञों अतुल कुमार सिंह और मोहम्मद दानिश ने बताया कि अगले 48 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने के आसार हैं। इससे मेरठ, आगरा, अलीगढ़, सहारनपुर, मुरादाबाद और रूहेलखंड मंडल के जिलों में रात में शीतलहर और पाले की संभावना बनी रहेगी। दिन में धूप निकलने पर थोड़ी राहत मिल सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.