शामली: मुठभेड़ में ढेर इनामी बदमाश समयदीन का बहनोई गिरफ्तार

शामली। कांधला थाना पुलिस ने मुठभेड़ में मारे गए 50 हजार रुपये के इनामी अंतर्राज्यीय अपराधी समयदीन उर्फ सामा से जुड़े मामले में उसके बहनोई उस्मान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिन्हें हाल ही में हुई एक अंतर्राज्यीय चोरी से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि पांच दिसंबर को तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले के कलवाकुर्ती थाना क्षेत्र में एक व्यापारी के घर बड़ी चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में स्थानीय पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद समयदीन ने चोरी का माल अपने बहनोई उस्मान को सौंप दिया था, ताकि वह उसे कुछ समय के लिए सुरक्षित रख सके।
कांधला पुलिस ने नियमित चेकिंग के दौरान मुस्तफाबाद कस्बे की नई बस्ती से उस्मान को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से 3 लाख 2 हजार 400 रुपये नकद और करीब 265 ग्राम सोने के जेवरात बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि यह सारा माल तेलंगाना में हुई चोरी से संबंधित है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि आठ दिसंबर को समयदीन ने उसे दिल्ली से करनाल बॉर्डर के पास स्थित बिडौली क्षेत्र में बुलाया था। वहीं उसने रुपये और जेवर देते हुए कहा था कि वह एक और वारदात करने जा रहा है और लौटकर यह सामान वापस ले लेगा। हालांकि उसी रात समयदीन पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।
एसपी ने बताया कि समयदीन उर्फ सामा एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ शामली, सहारनपुर, कर्नाटक, तेलंगाना और राजस्थान के जयपुर सहित विभिन्न राज्यों में डकैती, लूट और चोरी के कुल 29 मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से अंतर्राज्यीय स्तर पर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था।
बरामद जेवरातों में दो बड़े और दो छोटे कंगन, अंगूठियां, झुमकों की जोड़ी, मंगलसूत्र का लॉकेट, हार, मोतियों के हार, गले की चेन, मांग टीका और अन्य आभूषण शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.