जिले में एसआईआर अभियान तेज, मतदाता ऑनलाइन भी भर सकेंगे गणना फार्म

मुजफ्फरनगर। जिले में विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम इस समय पूरी रफ्तार में चल रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और नागरिकों से उन्हें भरवा रहे हैं। हालांकि कुछ क्षेत्रों में अभी तक लोगों को फॉर्म नहीं मिल पाए हैं, लेकिन प्रशासन ने साफ किया है कि चिंता की कोई बात नहीं मतदाता स्वयं भी ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों मुजफ्फरनगर सदर, बुढ़ाना, मीरापुर, खतौली, चरथावल और पुरकाजी में कुल 1982 बूथ हैं और हर बूथ पर बीएलओ की तैनाती की गई है। निर्वाचन आयोग ने SIR प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए कई सुविधाएँ ऑनलाइन उपलब्ध कराई हैं।
ऑनलाइन भी भर सकते हैं फॉर्म
आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर मतदाता 2003 की मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार का नाम देख सकते हैं। EPIC नंबर दर्ज करने के बाद आसानी से गणना फॉर्म ऑनलाइन भरा जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि जिन घरों में अब तक फॉर्म नहीं पहुंचे हैं, वे सीधे वेबसाइट पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
डीएम कर रहे मैदानी निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम उमेश मिश्र लगातार छहों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। वह बीएलओ, तहसीलदार और एसडीएम से फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी मतदाता को गणना प्रपत्र भरने में परेशानी न हो।
21.12 लाख मतदाताओं का डेटा अपडेट होगा
SIR अभियान के तहत बीएलओ को जिले के 21,12,586 मतदाताओं का डेटा नए सिरे से एकत्र करना है। इनमें शामिल हैं-
-
पुरुष मतदाता: 11,24,371
-
महिला मतदाता: 9,88,090
-
थर्ड जेंडर: 125
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का विवरण:
-
बुढ़ाना: 3,97,500 (पुरुष 2,13,340 | महिला 1,84,153 | थर्ड जेंडर 7)
-
चरथावल: 3,47,053 (पुरुष 1,85,253 | महिला 1,61,781 | थर्ड जेंडर 19)
-
पुरकाजी: 3,40,231 (पुरुष 1,81,111 | महिला 1,59,106 | थर्ड जेंडर 14)
-
मुजफ्फरनगर सदर: 3,71,726 (पुरुष 1,96,928 | महिला 1,74,749 | थर्ड जेंडर 49)
-
खतौली: 3,29,088 (पुरुष 1,74,903 | महिला 1,54,164 | थर्ड जेंडर 21)
-
मीरापुर: 3,26,988 (पुरुष 1,72,836 | महिला 1,54,137 | थर्ड जेंडर 15)
डीएम का स्पष्ट संदेश
डीएम उमेश मिश्र ने बताया कि हर मतदाता को केवल एक ही गणना फॉर्म भरना है। यदि किसी का नाम कई बूथों या विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज है, तब भी वह सिर्फ एक ही फॉर्म भरेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी-
“एक से अधिक गणना फॉर्म भरना कानूनन अपराध है। पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.