एसएसपी वर्मा की पहल: मिशन शक्ति टीमों को दिए गए सरकारी मोबाइल फोन

मुजफ्फरनगर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए मिशन शक्ति-5.0 के दूसरे चरण के तहत एक नई पहल शुरू की है। शुक्रवार शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिले के सभी थानों में तैनात मिशन शक्ति टीमों को सरकारी मोबाइल फोन वितरित किए।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को पुलिस सहायता से सीधे और तेजी से जोड़ना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में शिकायत दर्ज कराने और मदद प्राप्त करने की प्रक्रिया को और सरल व तेज बनाया जा सके। अब छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या उत्पीड़न जैसी घटनाओं में पीड़ित महिलाएं अपनी नजदीकी मिशन शक्ति टीम से सीधे संपर्क कर सकेंगी।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। उन्होंने बताया कि सरकारी मोबाइल उपलब्ध होने से टीमों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस व्यवस्था से पुलिस और महिलाओं के बीच संवाद मजबूत होगा और जरूरत के समय त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सकेगी। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं, जिससे महिलाएं अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस कर सकें।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.