स्पेन में ट्रेन हादसे के बाद परिवहन मंत्री का इस्तीफा, दुर्घटना में गई थी 69 लोगों की जान

HIGHLIGHTS
- स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने मंगलवार को इस्तीफे की घोषणा की।
- मैड्रिड के दक्षिण में हुए ट्रेन हादसे में 69 लोगों की मौत हुई थी।
- दुर्घटना के छह दिन बाद मंत्री ने पद छोड़ने का फैसला लिया।
मैड्रिड। स्पेन में हुए भीषण हाई-स्पीड ट्रेन हादसे के छह दिन बाद परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने पद छोड़ने की घोषणा की। मैड्रिड के दक्षिणी हिस्से में हुए इस रेल हादसे में 69 लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद से ही देश में परिवहन मंत्री के इस्तीफे की मांग उठ रही थी। इस साल स्पेन में यह दूसरा बड़ा रेल हादसा था।
स्पेन के परिवहन मंत्री ने इस्तीफे का किया एलान
परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने सांसदों के सामने अपने फैसले की वजह बताते हुए कहा कि एक साल से भी कम समय में देश में दो बड़े रेल हादसे होने के बाद किसी परिवहन मंत्री का पद पर बने रहना उचित नहीं है। उन्होंने इसे राजनीतिक गरिमा, नैतिक जिम्मेदारी और हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना से जुड़ा मामला बताया।
कैसे हुआ था मैड्रिड में हाई-स्पीड ट्रेन हादसा?
28 अक्टूबर को हुए इस हादसे में एक हाई-स्पीड ट्रेन पटरी पर पहले से खड़ी दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी। बताया गया कि मैड्रिड-सेविले रेलवे लाइन पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए जरूरी कम्युनिकेशन सिस्टम काम करना बंद कर चुका था।
इस दौरान मैड्रिड स्थित सेंट्रल कंट्रोलर्स ने ट्रेनों के संचालन की जिम्मेदारी संभाली। इसी बीच एक ट्रेन को आगे जाने की अनुमति दे दी गई, जबकि उसी ट्रैक पर दूसरी ट्रेन पहले से खड़ी थी। इसके चलते दोनों ट्रेनों के बीच टक्कर हो गई। इस साल मैड्रिड-सेविले रेल मार्ग पर हुई यह दूसरी बड़ी दुर्घटना थी।
जनवरी में भी इसी रूट पर हुआ था बड़ा हादसा
स्पेन में इससे पहले जनवरी में भी इसी रेलवे मार्ग पर गंभीर दुर्घटना हुई थी। उस समय दक्षिण दिशा की ओर जा रही एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी और दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन से टकरा गई थी। इस हादसे में 46 लोगों की मौत हुई थी। जनवरी में हुई दुर्घटना की जांच अभी भी जारी है।
दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क है स्पेन
स्पेन का हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क देश की प्रमुख उपलब्धियों में गिना जाता है। चीन के बाद यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क है। इस नेटवर्क की शुरुआत तीन दशक से भी ज्यादा समय पहले हुई थी। इस साल से पहले तक यहां किसी घातक रेल दुर्घटना की घटना सामने नहीं आई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.