अंबाला: सोंडा गांव में दर्दनाक हादसा, पानी से भरे हौद में डूबने से दो साल की बच्ची की मौत

HIGHLIGHTS
- बच्ची की मां निशा पास में पानी भरने गई थीं।
- वापस लौटने पर मां को चंदा आंगन में नहीं मिली।
- तलाश के दौरान बच्ची पास के गहरे हौद में बेसुध हालत में मिली।
अंबाला: शहर के पास स्थित सोंडा गांव में शुक्रवार को एक दुखद हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची अचानक पानी से भरे गहरे हौद में गिर गई। पानी में दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद प्रवासी मजदूर परिवार में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले छोटूराम अपने परिवार के साथ सोंडा गांव में रहकर मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को उनकी दो वर्षीय बेटी चंदा घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान बच्ची की मां निशा पास में किसी काम से पानी भरने चली गईं।
कुछ देर बाद जब निशा वापस लौटीं तो चंदा आंगन में दिखाई नहीं दी। बच्ची की तलाश की गई तो वह पास में बने गहरे हौद में बेसुध हालत में मिली।
मां की आवाज सुनकर बच्ची के पिता और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में चंदा को हौद से बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.