सुनेत्रा पवार को कांग्रेस ने बताया 'गूंगी गुड़िया', शिंदे बोले- महाराष्ट्र की महिलाओं का अपमान

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस ने सुनेत्रा पवार से जुड़े एक वीडियो को साझा कर उठाए सवाल।
- एनसीपी प्रवक्ता उमेश पाटिल ने कांग्रेस की टिप्पणी पर पलटवार किया।
- रोहित पवार ने कहा कि मामले को उसके पूरे संदर्भ के साथ देखना चाहिए।
मुंबई। महाराष्ट्र में मंगलवार को कांग्रेस की एक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस ने महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के लिए ‘गूंगी गुड़िया’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे राज्य की महिलाओं का अपमान बताया।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि कांग्रेस को महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम के खिलाफ की गई इस टिप्पणी के लिए शर्म आनी चाहिए। दरअसल, सुनेत्रा पवार से एक पत्रकार ने बीड जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल किया था। इस दौरान एनसीपी नेता धनंजय मुंडे ने कथित तौर पर उनका बचाव किया था।
एनसीपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस ने इस घटना का वीडियो साझा करते हुए सवाल किया कि सुनेत्रा पवार कब तक ‘गूंगी गुड़िया’ बनी रहेंगी। कांग्रेस की इस टिप्पणी के बाद एनसीपी ने पलटवार किया।
एनसीपी प्रवक्ता उमेश पाटिल ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अप्रत्यक्ष रूप से यह मान रही है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आलोचना सही थी। उन्होंने कहा कि आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस अपनी ही राजनीतिक विरासत के खिलाफ जाती दिखाई दे रही है।
इस विवाद पर शरद गुट वाली एनसीपी के नेता और सुनेत्रा पवार के भतीजे रोहित पवार से प्रतिक्रिया मांगी गई। उन्होंने कहा कि मामले के संदर्भ को भी समझना जरूरी है।
रोहित पवार ने कहा कि एक पत्रकार सुनेत्रा पवार से सवाल पूछना चाहता था, लेकिन एक स्थानीय नेता ने उसे अपना काम करने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार चुप रहीं, जबकि उनके पास अन्याय रोकने की क्षमता थी।
बता दें कि सुनेत्रा पवार बीड जिले की प्रभारी मंत्री हैं। इसी जिले में धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड पर मसाजोग के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या का आरोप है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.