E20 नीति विरोध के बीच तहसीन पूनावाला नजरबंद, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

HIGHLIGHTS
- तहसीन पूनावाला ने सोशल मीडिया वीडियो के जरिए नजरबंद किए जाने का दावा किया और पुलिस से दस्तावेज मांगे।
- E20 पेट्रोल नीति के विरोध में 31 जुलाई को ‘गाड़ी मार्च’ निकालने का किया था ऐलान।
- इससे पहले तहसीन पूनावाला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने का भी दावा किया था।
E20 (इथेनॉल) पॉलिसी को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता और इंडस्ट्रलिस्ट तहसीन पूनावाला ने दावा किया है कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है। उन्होंने इसकी जानकारी खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। हाल ही में उन्होंने 31 जुलाई को E20 के विरोध में ‘गाड़ी मार्च’ निकालने का ऐलान किया था।
तहसीन पूनावाला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें नजरबंद किया है। उनका आरोप है कि पुलिस के पास इस कार्रवाई से जुड़े न तो कोई कागजात हैं और न ही कोई दस्तावेज। उन्होंने इस दौरान कहा, “नितिन गडकरी जी #Ethanol से डरते हैं। #EthanolScam BETA BADHAO YOJNA SUGAR DADDY।”
तहसीन पूनावाला ने शेयर किया वीडियो
तहसीन पूनावाला की ओर से साझा किए गए वीडियो में उनके घर पर पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। वीडियो में वह पुलिसकर्मियों से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं और उनसे कार्रवाई से जुड़े कागज मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें आजादी से 15 दिन पहले डिटेन किया जा रहा है, जो गलत है। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों से कुछ समय देने की अपील की, ताकि वह अपने वकील से बात कर सकें।
इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने का किया था दावा
इससे पहले तहसीन पूनावाला ने दावा किया था कि 31 जुलाई को प्रस्तावित ‘गाड़ी मार्च’ से ठीक पहले उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया था कि E20 नीति के खिलाफ चलाए जा रहे उनके अभियान को रोकने के लिए ऐसा किया गया।
हालांकि, इंस्टाग्राम की ओर से अकाउंट सस्पेंड किए जाने की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
तहसीन पूनावाला ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट @tehseenpoonawalla सस्पेंड कर दिया गया है। यह सरकार अब इंस्टाग्राम से भी डरती है। जो लोग मुझे जानते हैं, वे जानते हैं कि मैं एक सभ्य इंसान हूं। मैं हमेशा तथ्यों और तर्कों के आधार पर बात करता हूं। मैं कभी भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करता।”
E20 पेट्रोल के खिलाफ मार्च का किया था ऐलान
तहसीन पूनावाला पिछले कुछ दिनों से E20 पेट्रोल के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो और पोस्ट साझा कर रहे थे। उन्होंने 31 जुलाई को इंडिया गेट से पार्लियामेंट स्ट्रीट तक ‘गाड़ी मार्च’ निकालने की घोषणा की थी।
उन्होंने लोगों से इस मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की थी। इस मार्च का उद्देश्य सरकार से E20 पेट्रोल को अनिवार्य बनाने के फैसले पर दोबारा विचार करने और आम लोगों को सामान्य पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग करना बताया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.