'मेरठ से शुरू होगी खेलों में क्रांति'- स्पोर्ट्स एज के शुभारंभ पर बोले जयंत चौधरी

मेरठ। पश्चिमी यूपी के खेल उद्योग के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी ने कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्पोर्ट्स एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट फॉर ग्रोथ एंड एक्सीलेंस (स्पोर्ट्सएज मेरठ) की शुरुआत की। इस कार्यक्रम के तहत खिलाड़ियों के कौशल, खेल उत्पादों के उत्पादन और स्थानीय कामगारों के प्रशिक्षण पर विशेष फोकस रहेगा।
शुभारंभ समारोह में प्रदेश के कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर विजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि जैसे इतिहास में मेरठ से क्रांति का बिगुल फूटा था, वैसे ही अब खेल जगत में परिवर्तन की शुरुआत भी यहीं से होगी। उन्होंने कहा कि मेरठ लंबे समय से देश और दुनिया को बेहतरीन खिलाड़ी और खेल उपकरण उपलब्ध कराता आया है, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिलता है।
उन्होंने बताया कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) में मेरठ के स्पोर्ट्स गुड्स को शामिल किया गया है, जिसके बाद अब इस उद्योग को और विस्तार देने पर सरकार का जोर है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एशिया में मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री की अलग ही प्रतिष्ठा है। इसी उद्योग को आधुनिक तकनीक और कौशल विकास योजनाओं से और मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि-
-
उनकी सांसद निधि का बड़ा हिस्सा स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किया जा रहा है।
-
अन्य सांसद भी CSR व संसदीय निधि से सहयोग देंगे।
-
दो सांसद पहले ही 10 करोड़ रु. स्पोर्ट्स प्रमोशन के लिए घोषित कर चुके हैं।
गांवों के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
जयंत चौधरी ने माना कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संसाधनों की कमी सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि अब गांवों के उभरते खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे बाहर पलायन न करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्पोर्ट्सएज केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक व्यापक अभियान है, जो खेल, तकनीकी शिक्षा और उद्योगों को एक साथ जोड़ेगा।
आईटीआई बनेगा स्पोर्ट्स हब, 2035 तक 40,000 करोड़ का लक्ष्य
सरकार मेरठ की साकेत आईटीआई को नोडल सेंटर के रूप में विकसित करेगी, जहां स्पोर्ट्स गुड्स से जुड़े विशेष प्रशिक्षण व रिसर्च सुविधाएं होंगी।
सरकार का लक्ष्य है-
-
2035 तक मेरठ क्षेत्र में 40,000 करोड़ के खेल उपकरणों का उत्पादन
-
2047 तक पूरे देश में 50 लाख करोड़ का खेल बाजार
-
3 करोड़ लोगों को रोजगार
शतरंज, बॉक्सिंग और अन्य खेलों को मिलेगा प्रोत्साहन
मंत्री ने बताया कि जल्द ही पश्चिम यूपी में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के नाम पर एक बड़ी शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जैसे नोएडा में हाल ही में बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, उसी तरह मेरठ और आसपास के खिलाड़ी भी कई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
SIR पर बोले जयंत- घबराने की जरूरत नहीं
SIR को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार में इस मुद्दे पर अनावश्यक भ्रम फैलाया गया था, लेकिन चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया से घबराएं नहीं और चुनाव आयोग की व्यवस्थाओं पर भरोसा करें।
अखिलेश के आरोपों पर पलटवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा वोट कटने के आरोपों पर जयंत चौधरी ने कहा कि सपा का रवैया हताशा से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि एनडीए मजबूत है और चुनावी प्रक्रिया पर निराधार आरोप लगाना केवल राजनीतिक बयानबाज़ी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.