बदायूं में होली पर सड़क हादसों में तीन की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र में सोमवार शाम होली के दिन दो अलग-अलग सड़क हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बिसौली-इस्लामनगर मार्ग पर करनपुर गांव के पास तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायल सभी संभल जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
गमी की होली से लौट रहे थे पिता-पुत्र
जानकारी के अनुसार, संभल जिले के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र निवासी गेंदन लाल (55) अपने बेटे शेर सिंह (27) के साथ बाइक से करनपुर स्थित ससुराल में ‘गमी की होली’ मनाकर लौट रहे थे। जैसे ही वे बिसौली-इस्लामनगर रोड पर पहुंचे, सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर धनारी थाना क्षेत्र के मुरैना निवासी जाबिर और करनपुर निवासी रफी मोहम्मद सवार थे।
हेलमेट न पहनने से बढ़ा जोखिम
भीषण टक्कर के कारण चारों सड़क पर फैल गए। मौके पर पहुंची उघैती थाना पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने गेंदन लाल और उनके पुत्र शेर सिंह को मृत घोषित किया। जाबिर और रफी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मुरादाबाद के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। थाना प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पिता-पुत्र के शव जिला मुख्यालय भेज दिए गए हैं और हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। दोनों बाइक सवार हादसे के समय हेलमेट नहीं पहने थे।
दूसरी घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक
इसी दिन देर रात इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर रोशन नगर में एक और सड़क हादसा हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में हेमंत कुमार (28) पुत्र रामवीर सिंह की मौत हो गई, जबकि मनोज कुमार (25) पुत्र प्रेमपाल गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों दारानगर, उघैती के निवासी हैं। घायल मनोज को हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में भी बाइक सवार हेलमेट नहीं पहन रहे थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.