होशियारपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बस और कार की टक्कर में चार की मौत

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दसूहा मुख्य मार्ग पर अड्डा दोसड़क के समीप एक बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। कार में सवार सभी लोग हिमाचल प्रदेश के गगरेट क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार (नंबर HP-72-6869) में सुखविंदर सिंह (45), सुशील कुमार (46), ब्रिज कुमार (38) और अरुण कुमार (45) सवार थे, जिनकी इस हादसे में जान चली गई। ये सभी हिमाचल प्रदेश के दौलतपुर क्षेत्र के चलेत गांव के निवासी थे। उनके साथ मौजूद अमृत कुमार घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि सभी लोग अमृत कुमार को विदेश यात्रा के लिए अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान अड्डा दोसड़क के पास दसूहा से होशियारपुर की ओर जा रही पंजाब रोडवेज की बस से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.