नेपाल के PM बालेन शाह जल्द आएंगे भारत, रिश्तों में जमी बर्फ पिघलाने की होगी कोशिश

HIGHLIGHTS
- भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी 4 नवंबर को काठमांडू जा सकते हैं।
- भारत के नए राजदूत सुधाकर दलेला के 3 नवंबर को पहुंचने की संभावना।
- नेपाल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में सहयोग मांग सकता है।
नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच जारी तनाव के बीच दोनों देशों के संबंधों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। नवंबर के आखिरी सप्ताह में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा प्रस्तावित है। इस दौरे को दोनों देशों के बीच रिश्तों को फिर से सामान्य बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
बालेन शाह की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा का एजेंडा तैयार करने के लिए भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी के 4 नवंबर को काठमांडू पहुंचने की संभावना है। यह दौरा कई महीनों से चले आ रहे राजनयिक तनाव के बाद हो रहा है। इस दौरान मिसरी की एक प्रस्तावित यात्रा का स्थगित होना और लिपुलेख को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद जैसे मुद्दे भी सामने आए थे।
भारत से वित्तीय सहायता मांग सकता है नेपाल
नवंबर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान नेपाल कई अहम मुद्दे उठा सकता है। इनमें बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण कार्यों के लिए सहायता, जलविद्युत क्षेत्र में नए निवेश और लंबे समय से अटकी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति देना शामिल है।
नेपाल भारत से इन कार्यों के लिए वित्तीय मदद की मांग कर सकता है। माना जा रहा है कि सहायता मिलने से लंबित परियोजनाओं के काम में तेजी आ सकती है।
अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने पर रहेगा जोर
काठमांडू की प्राथमिकता भारत की ओर से वित्तीय सहयोग प्राप्त करना है। इस यात्रा के जरिए दोनों देशों के बीच पहले से तय वित्तीय प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाने, ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करने और लंबित परियोजनाओं पर काम तेज करने की कोशिश की जा सकती है।
इनमें वे परियोजनाएं भी शामिल हैं, जिन्हें लेकर पहले समझौते हो चुके हैं, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया है।
दौरे की तारीखों का औपचारिक ऐलान बाकी
दोनों देश कुछ ऐसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भी चर्चा कर रहे हैं, जिनका उद्घाटन या शिलान्यास प्रधानमंत्री बालेन शाह की यात्रा के दौरान किया जा सकता है।
शाह के नवंबर के उत्तरार्ध में भारत आने की संभावना है, हालांकि अभी तक यात्रा की तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
वरिष्ठ नेपाली अधिकारियों से मुलाकात करेंगे विदेश सचिव
भारत के नए राजदूत सुधाकर दलेला के 3 नवंबर को काठमांडू पहुंचने की संभावना है। उनका आगमन विदेश सचिव विक्रम मिसरी के प्रस्तावित दौरे से एक दिन पहले होगा।
प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा का कार्यक्रम और एजेंडा तय करने के लिए विदेश सचिव नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत कर सकते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.