यूपी में कैबिनेट बैठक आज, योगी के नेतृत्व में 23 प्रस्तावों पर होगा विचार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर विचार होने की संभावना है। इनमें उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को पास कराने का प्रस्ताव भी शामिल हो सकता है। इसके अलावा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के 10 प्रस्ताव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के तीन प्रस्ताव और माध्यमिक शिक्षा विभाग में लिपिकीय संवर्ग के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा।
भाजपा संगठन में बड़े मनोनयन की तैयारी
भाजपा ने अब प्रदेश स्तर की कमेटी के गठन और निगमों, आयोगों और बोर्डों में कार्यकर्ताओं के मनोनयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर हुई प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष और मीडिया टीम समेत सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के प्रस्तावित नामों पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, जिन कार्यकर्ताओं को संगठन में स्थान नहीं मिल पा रहा है या जिन्हें संगठन से हटाया जाना है, उन्हें निगमों, बोर्डों और आयोगों में समायोजित करने पर भी विचार हुआ। हालांकि, इन नामों पर अंतिम निर्णय दिल्ली में होने वाली बैठक में लिया जाएगा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पूरी सूची लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि दो-तीन दिन में संगठन और मनोनयन संबंधी सभी प्रस्तावित नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा और सूची जारी होगी।
पीएम मोदी की जनसभा से पहले सीएम का अल्टीमेटम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने लगभग तीन घंटे एयरपोर्ट परिसर में बिताकर लोकार्पण और रैली की तैयारियों का जायजा लिया।
सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री की जनसभा में किसी तरह की चूक बिल्कुल न हो। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और सुनिश्चित किया कि आम जनता को कोई असुविधा न हो।
28 मार्च को पीएम मोदी एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के पासेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, रैली स्थल, पार्किंग व्यवस्था, हेलीपैड सहित सभी प्रमुख स्थलों की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.